Thursday, 23 April 2026

मुसाफ़िर हूँ यारों

 


             मुसाफ़िर हूँ यारों

पनाहगार को दफ़ा करने का

जो सिलसिला चला है

कहाँ तक जाएगा

है ठिकाना, अपना ही किसे पता

सब मेहमाँ हैं, 

फिर जाना ही हक़ीक़त समझ

कोई और ही क़ाबिज़ होगा

अपनी रुख़्सती के पहले

अब पुरखों की खोज

क्या करें

वो भी ख़ानाबदोश ही रहे होंगे

सो हम भी हैं

और तुम भी

अब मुसाफ़िर तुम ही कहो

जो किसी और धारा के हुए

तो कहाँ जाएँगे

आज वक्त है 

तो जी लें सुकूँ से

न दिया वक्त उसने 

तो कहाँ जाएँगे...

              - रुचि शुक्ला

Wednesday, 1 April 2026

सुनेगा कौन


                सुनेगा कौन?

किसी को हो गुमा तो हो

हमें नहीं है

कलम में दम है

हमें यक़ीं नहीं है

दास्ताने जहाँ  की

जीत की ज़ुबानी रहीं

गीत उसी के बने

जहाँ फ़तेह की कहानी रही

कहने को कलम 

इंकलाब लाती है

सच तो ये है

लेखनी उतनी ही बचती है

कि अधूरी सी कहानी सुनाती है

हमारी यादें, हमारी धरोहर

सबकी कुछ सीमाएँ हैं

अश्वत्थामा हतः

इतनी ही सच्चाई है

जो दिखा, जो जाना, जो समझा

वही दायरा बना

सब कुछ है अधूरा सा

पर पूरा फ़साना बना

सब छोड़, दरकिनार कर

भूलना चाहा

चुप रहे तो हुई कोफ़्त 

कि बोलेगा कौन

और कहने पर

यक़ीं नहीं, कि सुनेगा कौन?

                        - रुचि शुक्ला

Monday, 2 February 2026

एक कहानी


बदलते दौर में एक दिन

मैं बैठी एक किनारे पर

अजब सी कश्मकश में थी

कि कहानी में कहानी हैं

बहुत उलझी हुई सी हैं

न बीता ज्ञात है मुझको

न अगला जान पाती हूँ

अकेले आज में इसके 

गुत्थमगुत्थ सी रहती हूँ

लड़ती, भिड़ती, गिरती-पड़ती

मल्लयुद्ध से रोज़ गुजरती 

इस कहानी में अनजाने

रत्तीभर तो रोज़ बदलती

कितने किरदारों से मिलकर

नौरंगी बौछारों से

तरबतर और ओतप्रोत मैं

थोड़ी ढलती, थोड़ी गढ़ती

नाममात्र पर रोज़ बदलती

इसमें कोई रंज नहीं

न परिकथा सी बात कहीं

है कहानी या स्वप्न कोई

या गतिमान सी लहरें हैं

जिसकी हर बूंदों की अपनी

लम्बी एक कहानी है..

                           रुचि शुक्ला


यह कविता YouTube पर सुनने के लिए Please Visit  https://youtu.be/_LEepq8dFoQ?si=NDDDkwNP76WTz_mR